ब्रेकिंग न्यूज़

जवाहर नगर में देर रात सोते समय वारदात का आरोप, बिजली के तार से गला घोंटने की बात सामने आई; पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी। वनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के जवाहर नगर में मंगलवार देर रात अवैध संबंधों के शक में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है।

आरोप है कि महिला के दामाद ने घर में सो रहे 29 वर्षीय युवक का बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी।

घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक जवाहर नगर वार्ड-14 निवासी एक महिला का संपर्क करीब तीन वर्ष पहले गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ निवासी 29 वर्षीय अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर से हुआ था। महिला के पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और वह नगर निगम में सफाईकर्मी के तौर पर कार्य करती है। बताया गया कि अमन पहले मेरठ के एक अस्पताल में सफाई का काम करता था और बाद में किसी परिचित के माध्यम से हल्द्वानी आया था।

पुलिस के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों से अमन महिला और उसके परिवार के साथ ही रह रहा था। महिला की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और बेटा अभी छोटे हैं। महिला की दूसरे नंबर की बेटी का ससुराल भी उसके मायके के नजदीक ही है, जिसके चलते उसका मायके में आना-जाना लगा रहता था।

पत्नी और अमन के बीच संबंधों का था शक

महिला के मुताबिक उसके दामाद को लंबे समय से अपनी पत्नी और अमन के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक को लेकर मंगलवार रात वह महिला के घर पहुंचा और अमन के साथ मारपीट करने का आरोप है। इसके बाद कुछ देर बाद परिवार के लोग सो गए।

आरोप है कि देर रात दामाद दोबारा घर पहुंचा। उस समय अमन बरामदे में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बिजली के तार से अमन का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। वनभूलपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी हिरासत में, तहरीर का इंतजार

सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस को परिजनों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 11 सितंबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.