ब्रेकिंग न्यूज़

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश

भीमताल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंत्री ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जिला एवं क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए। साथ ही बाधित पेयजल लाइनों और विद्युत आपूर्ति को भी प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आवागमन और आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए और अति-संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा के लिए जरूरी सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं।

परबड़ा पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले मंत्री

स्थलीय निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा धारी विकासखंड के अंतर्गत परबड़ा गांव भी पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय गोपाल सिंह, पुत्र श्री लाल सिंह, के परिजनों से मुलाकात की। गोपाल सिंह का विगत माह अक्सोड़ा के जंगल में दुखद निधन हो गया था। मंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने आपदा मद से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

नुकसान का पारदर्शी आकलन करने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को आपदा से हुए कुल नुकसान का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान का सर्वे पूरा कर रिपोर्ट जल्द शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि का लाभ समय पर मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से अति-संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। ऐसे स्थानों पर आपदा मद से आवश्यक प्रोटेक्शन कार्य कराए जाने तथा संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

‘राहत एवं पुनर्वास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’

स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों में प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

मंत्री कैड़ा ने कहा, “राज्य सरकार आपदा से हुए नुकसान की इस संकट की घड़ी में प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की बहाली का काम भी तेजी से किया जाए, ताकि लोगों का जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए फर्जी प्रमाण पत्र का मामला : अधिवक्ता समेत पांच पर मुकदमा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.