ब्रेकिंग न्यूज़

 ई-रिक्शा पलटने से मची चीख-पुकार; कार चालक वाहन छोड़कर फरार

रुड़की/हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में लक्सर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के ई-रिक्शा को थिथोला गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में महिला और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद (30) और दिलशाद (30) रविवार देर शाम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ई-रिक्शा से लक्सर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ई-रिक्शा में महिला और बच्चों समेत करीब 13 लोग सवार थे।

बताया गया कि ई-रिक्शा जैसे ही थिथोला गांव से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ई-रिक्शा में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल पहुंचने पर दो की मौत, रास्ते में बच्चे ने तोड़ा दम

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से ई-रिक्शा में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अरशद (30) और दिलशाद (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ वर्षीय उमर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उमर के स्वजन उसका शव घर ले गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत से परिवार में मातम छा गया है।

कार छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस ने शुरू की तलाश

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लक्सर मार्ग पर लगातार दूसरे दिन सड़क हादसा, एक दिन पहले भी हुई थी मौत

लक्सर मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर शाम भी लंढोरा में एक सड़क हादसे में बुड्ढाहेड़ी निवासी राशिद की मौत हो गई थी। बताया गया कि राशिद को एक टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लगातार दो दिनों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की जान जाने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के विधायक के फार्म हाउस में युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दारोगा समेत चार गिरफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.