नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के एमए तृतीय सेमेस्टर अर्थशास्त्र के छात्र नकुल साह ने भारतीय संसद के संविधान सदन (सेंट्रल हॉल) में आयोजित विशेष संभाषण कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम का विषय “Know Your Leader” रहा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नकुल साह ने लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व, उनके जीवन, सादगी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति योगदान पर अपना संबोधन प्रस्तुत किया। संसद के संविधान भवन में बोलने का अवसर मिलना उनके लिए विशेष उपलब्धि रही।
नकुल साह का चयन विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से हुआ था। युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय की चयन प्रक्रिया के बाद कुल 36 युवाओं का चयन किया गया। इनमें से 12 युवाओं को संविधान भवन में अपने विचार रखने का अवसर मिला, जिसमें उत्तराखंड से नकुल साह भी शामिल रहे। उन्होंने इस मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र का देश की संसद के संविधान भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पहुंचकर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। नकुल की इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. संजय पंत, प्रो. ललित तिवारी, प्रॉक्टर प्रो. हरीश बिष्ट, कुलसचिव डॉ. रितेश साह, डॉ. शिवांगी चन्याल तथा डॉ. संतोष कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विश्वविद्यालय परिवार ने नकुल साह की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





































