हल्द्वानी। छड़ायल निवासी समुदाय विशेष के कारोबारी को युवती के साथ देखने पर विवाद भड़का -कुछ संगठनों के लोगों ने जमकर किया हंगामा, मकान-दुकान के शीशे तोड़कर आगजनी भी की।

मुखानी थाना क्षेत्र के छड़ायल इलाके में मॉड्यूलर किचन के सामान का कारोबारी समुदाय विशेष का व्यक्ति गुरुवार रात अपनी दुकान में काम करने वाली युवती के काठगोदाम थाना क्षेत्र में दमुवाढूंगा स्थित घर पहुंच गया।

उसे देखकर लोगों ने हंगामा करते हुए पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शुक्रवार को मामले की जानकारी होने पर कुछ संगठनों से जुड़े लोगों ने छड़ायल में जमकर हंगामा किया। ये लोग दुकानदार के मुखानी क्षेत्र स्थित मकान पर पहुंचे और दुकान और मकान में तोड़फोड़ कर दी।

गुस्साए लोगों ने कारोबारी के मकान में खड़ी तीन बाइकों में आग भी लगा दी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समय रहते वाहनों में लगी आग बुझाई और आक्रोशित लोगों को अलग हटाया।

वहीं जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने जांच के दौरान कारोबारी के भवन का नक्शा न मिलने, आवासीय भवन परिसर में दुकानें बनाने और अन्य बिंदुओं के आधार पर मकान को सील कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, समुदाय विशेष का यह कारोबारी मुखानी के छड़ायल इलाके में मकान खरीदकर करीब तीन-चार साल से पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा है। मकान में ही बाहर की तरफ उसकी दुकानें हैं। दुकान में कारोबारी ने दो युवतियां भी काम पर रख रखी हैं।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात आरोपी अपनी दुकान में काम करने वाली एक युवती के दमुवाढूंगा स्थित घर पहुंचा था। इसी बीच स्थानीय लोगों ने उसे देखकर हंगामा शुरू कर दिया।

शुक्रवार को यह सूचना फैलने पर इस मामले ने तूल पकड़ लिया। कुछ संगठनों से जुड़े लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कारोबारी के छड़ायल स्थित मकान पर पहुंचे और उसके मकान-दुकान में तोड़फोड़ कर दी।

आक्रोशित लोगों ने मकान में खड़ी तीन बाइकों को आग भी लगा दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने इन वाहनों में लगी आग बुझाई लेकिन तब तक एक बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को अलग-थलग किया। यहां करीब तीन घंटे तक हंगामा चला।

इस बीच मौके पर पहुंची जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण किया तो आवासीय मकान में दुकानें, बेसमेंट और मार्गाधिकार का उल्लंघन जैसी खामियां मिलीं। साथ ही मकान का नक्शा भी नहीं मिला।

प्राधिकरण के संयुक्त सचिव/सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि इन खामियों के चलते कारोबारी के भवन को सील कर दिया है।

युवती की ओर से कोई भी आरोप लगाते हुए तहरीर नहीं दी गई है। युवती ने समुदाय विशेष के व्यक्ति से पुरानी पहचान होने की बात पुलिस से कही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, कार डिवाइडर से टकराकर पलटी; एक की मौत, दो गंभीर घायल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.