थैले में विस्फोटक भरकर ले जा रहे स्कूटी सवार की मौत, छह गंभीर रूप से घायल

आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में दिवाली के दिन दुखद घटना सामने आई है. यहां ईस्ट स्ट्रीट पर ‘प्याज बम’ से भरे बोरी (थैला) में ब्लास्ट हो गया और घटना में एक युवक की मौत हो गई है. जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना गंगम्मा मंदिर के पास हुई. ‘प्याज बम’ एक छोटे डायनामाइट विस्फोट (IED) की तरह होता है.

पुलिस के मुताबिक, मरने वाले की पहचान सुधाकर के रूप में हुई. कथित तौर पर यह ब्लास्ट तब हुआ, जब एक्टिवा सवार सुधाकर ‘प्याज बम’ से भरी बोरी को लेकर जा रहा था. रास्ते में जैसे ही एक्टिवा स्कूटर का एक गड्ढे में संतुलन बिगड़ा तो ‘प्याज बम’ गिर गए और इस बोरी में अचानक विस्फोट हो गया. घटना में एक्टिवा पर पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके शरीर के कुछ हिस्से गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

क्या होता है ‘प्याज बम’

‘प्याज बम’ एक तरह का पटाखा होता है जो गोल या बल्बनुमा आकार का होता है और प्याज जैसा होता है. जब इसे जलाया जाता है तो यह एक शक्तिशाली धमाका करता है, जिससे अचानक चमक और कभी-कभी धुआं निकलता है. ‘प्याज बम’ की तुलना इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से की जाती है. ब्रिटेन समेत कुछ देशों में ये पटाखे व्यावसायिक प्रदर्शन तक ही सीमित हैं और सार्वजनिक बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

घायलों को भेजा गया अस्पताल

घटना में जो लोग घायल हुए हैं, उनमें तबेल साई, सुवारा शशि, के श्रीनिवास राव, एसके खादर, सुरेश और सतीश का नाम शामिल है. सूचना मिलने पर एलुरु के डीएसपी श्रवण कुमार, वन-टाउन सीआई सत्यनारायण और एसआई मदीना बाशा घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए एलुरु सरकारी अस्पताल भेजा गया. विस्फोट से ईस्ट स्ट्रीट पर सन्नाटा पसर गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए।

घटना का वीडियो आया सामने

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. इसमें पूरी घटना कैद हो गई है. वीडियो में सुधाकर और उसके पीछे बैठा व्यक्ति एक संकरी गली से गुजरते हुए देखा जा रहा है। इसी बीच, ब्लास्ट हो जाता है और आसपास खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ जाते हैं. घटना के बाद आसपास काले धुएं का गुबार छा गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल की ऐतिहासिक रामलीला में कलाकारों की साधना, 14 वर्षों से कुंभकरण का दमदार पाठ कर रहे रक्षित शाह
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.