मानसखंड योजना के तहत रानीबाग से मोतियापाथर तक 60 किमी सड़क टूलेन बनाई जाएगी। सड़क के टूलेन बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से रानीबाग से मोतियापाथर तक सड़क किनारे आने वाली परिसंपत्तियों का चिह्नीकरण शुरू कर दिया है।

बुधवार को भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में लोनिवि की ओर से सड़क किनारे आने वाली दुकानों और मकानों को मिलाकर 100 भवनों पर लाल निशान लगाकर उन्हें अतिक्रमण के तौर पर चिह्नित किया।

विभाग की ओर से लाल निशान लगाने के बाद से व्यापारियों और मकान स्वामियों में भय का माहौल है। विभाग की ओर से सड़क को 12 मीटर चौड़ी किया जाएगा ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।

इसके लिए विभाग रानीबाग, भीमताल, खुटानी, चांफी, धारी, धानाचूली, पहाड़पानी, शहरफाटक और मोतियापाथर तक 60 किमी सड़क पर आने वाली परिसंपत्तियों को चिह्नित करेगा।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि मानसखंड योजना के तहत रानीबाग से मोतियापाथर तक टूलेन सड़क बनाई जानी है। इसके लिए परिसंपत्तियों को चिह्नित किया जा रहा है। यह सड़क वर्ष 1980 से पहले कटी हुई है।

इसमें कुछ लोगों को मुआवजा भी मिला है। मुआवजा लेने के बाद भी निर्माण कार्य किया है तो वह अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा। वंचितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

फिलहाल अभी परिसंपत्तियों की जांच चल रही है। इधर विभाग की कार्रवाई के बाद से व्यापारी और स्थानीय लोग परेशान हैं। 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रानीखेत : बासोट के स्यालकोट में कनार फाउंडेशन की माता की चौकी, लोकगायक रमेश बाबू गोस्वामी के गीतों पर झूमे श्रद्धालु
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.