ब्रेकिंग न्यूज़

कोटद्वार में दुकान के नाम पर बढ़ा विवाद: ‘मोहम्मद दीपक’ वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, सीमा सील

कोटद्वार। कोटद्वार में एक कपड़ों की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। बजरंग दल के विरोध और सोशल मीडिया पर ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से जुड़े एक वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने जिम संचालक दीपक चंद सहित अन्य लोगों के खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

विवाद पटेल मार्ग स्थित एक कपड़ों की दुकान को लेकर है, जो पिछले करीब 30 वर्षों से ‘बाबा’ नाम से संचालित हो रही थी। बजरंग दल का आरोप है कि दुकान का नाम कोटद्वार के प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा मंदिर के नाम से मिलता-जुलता है, जिससे धार्मिक भ्रम पैदा होता है। संगठन ने दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर नाम बदलने का दबाव बनाया।

‘मोहम्मद दीपक’ बयान से बढ़ा तनाव

मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब प्रदर्शन के दौरान जिम संचालक दीपक चंद की दुकान पर भी हंगामा हुआ। बीच-बचाव के दौरान दीपक चंद द्वारा खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया।

दीपक चंद का कहना है कि ‘बाबा’ शब्द एक सामान्य बोलचाल का शब्द है और इसे किसी विशेष धार्मिक पहचान से जोड़ना गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना किसी न्यायिक आदेश के किसी व्यापारी को दुकान का नाम बदलने के लिए कैसे मजबूर किया जा सकता है।

पुलिस की सख्ती, फ्लैग मार्च और ड्रोन से निगरानी

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे शहर में फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

पुलिस ने दीपक चंद की विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटवाई और शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एहतियातन कोटद्वार बाजार क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश के बिजनौर से लगने वाली कौड़िया सीमा को सील कर दिया गया है, ताकि बाहरी तत्व माहौल खराब न कर सकें। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में दूसरे दिन भी ‘हनुमान अंश’ का निशुल्क प्रदर्शन, 300 से अधिक दर्शकों ने देखी नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.