ब्रेकिंग न्यूज़

लालकुआ। बिंदुखत्ता क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। काररोड मुख्य बाजार में सब्जी लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर द्वितीय निवासी कुंवर सिंह गड़िया बाजार से अपने परिवार के लिए सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और काफी देर तक खून बहता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने उन्हें तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि कुंवर सिंह के घर लौटने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन यह दर्दनाक खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा महोत्सव में विविध कार्यक्रमों ने बांधा समां, पंच आरती में न्यायमूर्ति मैठाणी समेत गणमान्य लोगों ने की आरती
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.