ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। तहसील दिवस के मौके पर फरियाद लेकर पहुंचे बनभूलपुरा वार्ड से पार्षद शकील सलमानी ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा ऐतराज जताया।

पार्षद ने आरोप लगाया कि हर महीने के पहले मंगलवार को आयोजित होने वाले तहसील दिवस का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, लेकिन हल्द्वानी तहसील में कई विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहे, जिससे फरियादियों को निराश होकर लौटना पड़ा।

तहसील दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। पार्षद शकील सलमानी ने कहा कि लोग उम्मीद लेकर आते हैं कि यहां उनकी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रखी जाएंगी और त्वरित समाधान होगा, लेकिन जब संबंधित विभागों के अधिकारी ही मौजूद नहीं रहते तो तहसील दिवस का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है।

उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही है और इससे जनता का भरोसा टूटता है।

वहीं, तहसीलदार कुलदीप पांडे ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया है। जिन समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों से जुड़ा हुआ है, उन्हें तत्काल संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर दिया गया है। तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

तहसील दिवस को लेकर उठे सवालों के बाद अब यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने मांग की है कि भविष्य में सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अनिवार्य रूप से तहसील दिवस में उपस्थित रहें, ताकि फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल : न्यूनतम वेतन, पेंशन और नियमितीकरण की मांग को लेकर आशाओं का प्रदर्शन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.