सीएम धामी के जन्मदिवस पर मंडी समिति में 200 पंजीकृत श्रमिकों को बांटे गए टूल किट,स्वास्थ्य कैंप का भी लोगों ने उठाया लाभ
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड मंडी परिषद की ओर से सेवा संकल्प दिवस के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू के निर्देश पर मंडी समिति परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसके साथ ही पंजीकृत श्रमिकों को टूल किट वितरित करने के साथ ही प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। शिविर में करीब 45 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से पंजीकृत 200 श्रमिकों को टूल किट वितरित की गई। टूल किट मिलने से श्रमिकों को अपने कार्य में उपयोगी उपकरण उपलब्ध होंगे। इस पहल को श्रमिकों को सहयोग और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
वहीं कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा समेत कई किसानों को सम्मानित किया गया। किसानों को कृषि क्षेत्र में उनके योगदान और प्रगतिशील कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज जन्मदिवस है, जबकि गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है। इन अवसरों को सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए विभिन्न स्थानों पर जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच, श्रमिकों को उपकरण उपलब्ध कराने और किसानों को सम्मानित करने जैसे कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में मददगार हैं।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, किसान आयोग के सदस्य चतुर बोरा और मंडी समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी, किसान और श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भुवन गोस्वामी ने किया।






