भीमताल। ओखलकांडा क्षेत्र के ग्राम सभा साल में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।
पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर धरना प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
धरना प्रदर्शन के दौरान जिला अधिकारी नैनीताल एवं अधिशासी अभियंता जल निगम को अवगत कराया गया कि ग्राम सभा साल के तोक खालगड़ा में पिछले तीन-चार वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर घर जल योजना का लाभ उन्हें एक प्रतिशत भी नहीं मिला है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दराज से पानी सिर पर ढोकर लाना पड़ रहा है, जिससे न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है बल्कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें मूलभूत सुविधा पानी से क्यों वंचित रखा जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे जिला अधिकारी कार्यालय में उग्र धरना प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला एवं स्थानीय प्रशासन की होगी।
धरने में हेमा देवी (पूर्व प्रधान), आनंदी देवी, मोती देवी, पुष्पा देवी, केशवी देवी, गोविंद राम, भुवन चंद्र, चंदन राम, दिवान राम, राजेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
👉 ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा से उन्हें अब और वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।

