खुर्पाताल रोड हादसा- कालाढूंगी पुलिस, SDRF व स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान, 21 घायलों की बचाई जान, 02 महिलाओं को किया मृत घोषित
कालाढूंगी। कालाढूंगी-खुर्पाताल रोड पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेरठ से आए यात्रियों से भरी फोर्स टेम्पो ट्रैवलर (UP-15 FT-6795) सड़क से लगभग 20-25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 की रात करीब 8:08 बजे डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। वाहन में चालक सहित कुल 29 लोग सवार थे। राहत एवं बचाव दल ने सभी यात्रियों को वाहन और खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नाजरीन (32 वर्ष) पत्नी शाकिर निवासी मेरठ तथा फरद बेगम (लगभग 40 वर्ष) निवासी मेरठ के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आगे उपचार के लिए सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी सहित पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने की आशंका जताई जा रही है।


