ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

NEET परीक्षा रद्द होने पर यूथ कांग्रेस का मशाल जुलूस, केंद्र सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

हल्द्वानी। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बीच मंगलवार शाम हल्द्वानी में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने बुद्ध पार्क से शहर के मुख्य मार्गों तक मशाल जुलूस निकालते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और मशालें थीं, जिनके जरिए उन्होंने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग की।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। उनका कहना था कि लगातार हो रही परीक्षा गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र पूरे वर्ष कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग भी की।

इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी गई।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया 2026 भर्ती कैलेंडर, 2300 से अधिक पदों पर होंगी भर्तियां
error: Content is protected !!