ब्रेकिंग न्यूज़

अशोक लीलैंड कंपनी में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे 21 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर

लालकुआं। सोमवार सुबह लालकुआं में एक दर्दनाक सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। सिडकुल रुद्रपुर स्थित अशोक लीलैंड कंपनी में ड्यूटी के लिए बाइक से जा रहे 21 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ निवासी लक्ष्मण बिष्ट (21 वर्ष) रुद्रपुर स्थित अशोक लीलैंड सिडकुल में कार्यरत है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे लक्ष्मण अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए रुद्रपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लालकुआं में प्रवेश से पहले अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लक्ष्मण बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में लक्ष्मण की कमर और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं।

हादसे के बाद कार और बाइक दोनों ही क्षतिग्रस्त हालत में मौके पर मिलीं। वाहनों की स्थिति को देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

फिलहाल घायल युवक का हल्द्वानी में उपचार चल रहा है। हादसे को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सुबह-सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा कार, युवक समेत दो की मौत, युवती घायल
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.