ओखलकांडा  ब्लॉक के बड़ौन की महिला का शव बनभूलपुरा के पास गौला नदी में मिला, घास काटते समय गदेरे में बही थीं तुलसी देवी 

हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यूं तहसील क्षेत्र के अंतर्गत घास काटने गई महिला तुलसी देवी का शव तीन दिन बाद गौला नदी से बरामद हुआ है।

महिला के लापता होने की खबर से जहां परिजन और ग्रामीण सदमे में थे, वहीं आज शव मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। शव खनस्यूं से तक़रीबन 30 से 40 किलोमीटर दूर बहकर हल्द्वानी पंहुचा है।

ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा बड़ौन (तोक बसोटिया) निवासी 52 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी स्व. तेजराम गत मंगलवार को घर के पास जंगल में घास काटने गई थीं। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बाद में तुलसी देवी की चप्पल और दरांती बसोटिया नदी के किनारे मिले, जिससे गदेरे में बहने की आशंका जताई गई।

घटना की सूचना पर एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया। भारी बारिश और नदी में तेज बहाव के कारण खोजबीन में दिक्कतें आईं।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं एसडीएम धारी के.एन. गोस्वामी ने बताया कि परिजनों द्वारा गुमशुदगी की तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर तलाश जारी थी।

गुरुवार को हल्द्वानी स्थित गौला नदी में पुल के आसपास लोगों ने एक महिला का शव देखा, जिसके बाद थाना बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव के नदी में फंसे होने के चलते एसडीआरएफ को बुलाया।

गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान तुलसी देवी के रूप में हुई, जो बीते तीन दिन पहले ओखलकांडा से लापता थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान ऐसे हादसों से बचने के लिए ठोस उपाय किए जाएं, साथ ही मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।

प्राकृतिक आपदाएं और बारिश के दौरान उफनते गधेरे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। तुलसी देवी की मौत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों की सख्त जरूरत है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, अनियंत्रित होकर पलटी कार; SSP मंजूनाथ टी.सी. पहुंचे घटनास्थल नाबालिग बच्चों को वाहन न देने और यातायात नियमों का पालन करने की SSP ने की अपील, अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.