ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने प्रसिद्ध कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ADG ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के यातायात प्रबंधन को बारीकी से परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:

सुव्यवस्थित यातायात योजना:

बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘नो पार्किंग जोन’ को सख्ती से लागू करने को कहा गया, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

पार्किंग और जनसुविधाएं:

चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शटल सेवा मजबूत करने पर जोर:

पार्किंग स्थलों से मंदिर तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए शटल सेवा को और अधिक व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाने को कहा गया, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो सके।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था:

मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर एडवांस फीचर वाले सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने और बेहतर पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA सिस्टम) स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों और बाईपास मार्ग के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए भी आवश्यक सहयोग देने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, निरीक्षक यातायात महेश चंद्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस बार पर्यटन सीजन में कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  मिडिल ईस्ट तनाव का असर! हल्द्वानी में पेट्रोल संकट की आहट, कई पंपों पर “पेट्रोल समाप्त” के नोटिस

You missed

error: Content is protected !!