नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के योग विभाग के स्नातक डीएससी के विद्यार्थी प्रियांशु ने राजस्थान के जयपुर में आयोजित आर्टिस्टिक सोलो के ट्रेडिशनल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय और अपने विभाग का नाम रोशन किया है।
जयपुर में संपन्न हुई प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के ट्रेडिशनल वर्ग में प्रियांशु ने अपनी प्रतिभा, कौशल और बेहतरीन प्रस्तुति का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रियांशु की इस उपलब्धि से कुमाऊं विश्वविद्यालय के योग विभाग में खुशी का माहौल है। विभागीय शिक्षकों ने कहा कि योग एवं उससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों की प्रतिभा लगातार सामने आ रही है। प्रियांशु की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
प्रियांशु की इस उपलब्धि पर योग विभाग की डॉ. दीपा, डॉ. शैलजा और डॉ. शुभान विश्वकर्मा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. हरीश बिष्ट तथा डॉ. गगन होती ने भी प्रियांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिभा को पहचान दिलाती हैं, बल्कि कुमाऊं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की पहचान को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रियांशु से भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई।




