ब्रेकिंग न्यूज़

नन्दा मैय्या को निमंत्रण देने निकले डोर गांव के ग्रामीण, 18 सितंबर को मंदिर पहुंचेगी यात्रा

रिपोर्टर – गोविन्द राणा

मुनस्यारी। सीमांत मुनस्यारी क्षेत्र में नन्दा राज जात यात्रा को लेकर आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हर तीसरे वर्ष आयोजित होने वाली नन्दा राज जात यात्रा में डोर ग्राम के लोग भी पारंपरिक रूप से शामिल होते हैं। इसी धार्मिक परंपरा के तहत डोर गांव के ग्रामीण नन्दा मैय्या के धाम की ओर पैदल यात्रा पर निकले हैं।

यात्रा के दौरान ग्रामीण दुर्गम पहाड़ी मार्गों और ऊंचाई वाले बुग्यालों को पार करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों का दल बुधवार को थाला बुग्याल पहुंचेगा। इसके बाद अगले दिन दल नन्दा कुण्ड पहुंचेगा, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी।

नन्दा कुण्ड में पूजा के बाद ग्रामीण पारंपरिक मान्यता के अनुसार नन्दा मैय्या को अपने गांव आने का निमंत्रण देंगे। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के साथ क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। यात्रा के दौरान ग्रामीण ब्रह्म कमल भी लेकर वापस लौटेंगे, जिसे नन्दा देवी की आस्था और हिमालयी संस्कृति से विशेष रूप से जुड़ा माना जाता है।

डोर गांव के ग्रामीणों की यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा और सामुदायिक आस्था का प्रतीक भी है। यात्रा में ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए नन्दा मैय्या का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दुर्गम हिमालयी क्षेत्र की यात्रा कर रहे हैं।

बताया गया है कि 18 सितंबर को नन्दा राज जात यात्रा के साथ यात्रीगण मंदिर पहुंचेंगे। इस दौरान क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहेगा। ग्रामीणों के मंदिर पहुंचने के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक परंपराओं का विधिवत निर्वहन किया जाएगा।

नन्दा राज जात यात्रा के माध्यम से स्थानीय लोग अपनी धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की प्राचीन लोक संस्कृति और परंपराओं को भी आगे बढ़ा रहे हैं। हर तीसरे वर्ष होने वाली इस यात्रा का ग्रामीणों को लंबे समय से इंतजार रहता है और इसमें बड़ी श्रद्धा के साथ भागीदारी की जाती है।

मुख्य पुजारी दिवान सिंह पूरन सिंह व मधन सिंह हैं। गांव के धरम सिंह,डिगर सिंह,पूरन सिंह, मयंक,मंजुल, मंगल सिंह, देवेन्द्र सिंह आदि लोग यात्रा में गये है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल के पंत पार्क में धूमधाम से मना भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का 139वां जन्मोत्सव, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने किया नमन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.